दो शब्द
मेरा नाम योगेश शर्मा है, और मैं राजस्थान के एक छोटे से कस्बे गंगापुर सिटी से हूं। यहां मैं आपके लिए एक कहानी लेकर आया हूं जो कि पूरी तरह से काल्पनिक है और इसका उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन है। आशा करता हूं आपको यह पसंद आएगी।
वर्तमान समय : केरल
समुद्र के किनारे बसा एक छोटा सा गांव वाशी, जो दिखने काफी साधारण सा एक गांव था। जिसकेे उत्तर में समुद्र था एवं समुद्र के किनारे पर एक छोटा सा पर्वतनुमा टीला था। पर्वतनुमा टीला इसलिए कि वो ना तो पर्वत जितना ऊँचा था और ना ही टीले जितना छोटा था। हालाँकि उसका फैलाव इतना वृहत था कि वह उस पूरे गाँव को समुद्र की तरफ से ढक लेता था। उस गाँव के दोनों तरफ पूर्व और पश्चिम में सघन वन थे जिनकी लकड़िया गाँव वालों के भोजन पकाने में प्रयुक्त ईधन का प्रमुख स्रोत थी। दक्षिण में खुला मैदानी रास्ता था जो गाँव से बाहर जाने का एक मात्र रास्ता भी था।
वर्तमान समय : इसरो, बैंगलूर
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ तनवय प्रसाद आज थोड़े व्याकुल दिख रहे थे और अपने सहयोगी वैज्ञानिको के साथ कंप्यूटर स्क्रीन पर नजर बनाए हुए थे जहाँ कुछ रेखाचित्र उभर रहे थे। परंतु ये वो रेखाचित्र नहीं थे जो प्रायः सामान्य दिनों में उभरते थे और यही कारण था कि डॉ तनवय आज कुछ व्याकुल थे।
अचानक से कंप्यूटर की स्क्रीन पर रेखाचित्र की स्थिति तीव्र गति से ऊपर नीचे होने लगते है। सारे सहयोगी वैज्ञानिक समझने का प्रयास करते है परंतु किसी को यह समझ नहीं आता आखिर यह हो क्या रहा है।
परंतु यह जो भी हो रहा था वह जरा भी ठीक नहीं हो रहा था, ये बात डॉ तनवय अच्छी तरह जानते थे।
वाशी, केरल
गाँव के लोग अपनी नियमित दिनचर्या में व्यस्त थे । कुछ लोग वनों से लकड़िया काटने के लिए जा रहे थे, कुछ लोग वही एक चाय की थड़ी पर चाय पी रहे थे। औरते कुए से पानी निकल रही थी। वही पास में कुछ बच्चे खेल रहे थे।
तभी एक जोरदार आवाज ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, कोई भी कुछ समझ पाता कि माजरा क्या है, उस से पहले फिर से वही आवाज आयी, पर इस बार उस आवाज के साथ पूरी जमीन पर एक कम्पन भी हुआ। इस कम्पन से गाँव के लगभग सभी लोग असंतुलित हो कर गिर गये।
पर जब तक लोग संभले तब तक पूरे गाँव में तबाही का आतंक फ़ैल चुका था। जमीन में जगह- जगह दरारे पड गयी। पक्के निर्माण ध्वस्त हो गए। हालाँकि जनहानि नहीं हुई
क्योंकि गाँव के लगभग सभी घर कच्चे थे, वे लकडियो व घास फूस के बने हुए थे। फिर भी गाँव के लोगो की आर्थिक स्थिति के अनुसार यह हानि उनके लिए कम नहीं थी।
अब तक कोई समझ नहीं पाया कि अचानक ये क्या हुआ। किन्तु अकेला ये गांव ही नहीं था जहाँ कुछ असामान्य होना था, कही और भी विनाश अपनी दस्तक देने वाला था और वो लोग भी इस बात से अनजान थे।
पृथ्वी से सुदूर,
एक भारतीय कृत्रिम उपग्रह
इसरो के द्वारा बनाया गया यह कृत्रिम उपग्रह भारत का अब तक सबसे आधुनिक पूर्णतया स्वदेशी उपग्रह था। इसकी विशेषता यह थी कि ये मानव रहित और मानव की उपस्थिति दोनों परिस्थितयो में कार्य कर सकता था। इसका प्रमुख कार्य दूर अंतरिक्ष में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना था। इसलिए इसका नाम गरुड़ रखा गया।यहाँ पर फ़िलहाल इसरो के द्वारा दो वैज्ञानिको को नियुक्त किया हुआ था।
“हेलो गरुड़, हेलो गरुड़, क्या आप मुझे सुन पा रहे है” ये शब्द डॉ तनवय के थे। उनकी आवाज सुनकर दोनों वैज्ञानिको ने अपनी जगह सँभालते हुए जवाब दिया “जी हां, हम आपको सुन पा रहे है कहिये।
डॉ तनवय- आपको वहां अंतरिक्ष में कोई हलचल दिखाई दे रही है ?
गरुड़ - जी नहीं, यहाँ सब कुछ सामान्य है, क्या हुआ सर, आप कुछ चिंतित दिखाई दे रहे है!
डॉ तनवय - हां, कुछ ठीक नहीं लग रहा। हमने पृथ्वी पर अभी कुछ समय पहले बहुत तीव्र तरंगे दर्ज की है, प्रथम दृष्टया हमे लगा वो कोई चुम्बकीय प्रवाह है किंतु जांच करने पर पता चला कि हमारे यन्त्र उस प्रवाह को जाँच नहीं पा रहे है। पर ये जो भी है ये पृथ्वी की नहीं है ये अंतरिक्ष से आई हुई प्रतीत हो रही है।
गरुड़ - पर सर, यहाँ तो सब कुछ सामान्य है। हमने कोई भी असामान्य हरकत नहीं देखी। “रुकिए सर, यहाँ कंप्यूटर स्क्रीन पर रेखाचित्र बहुत तेजी से बदल रहे है!”
डॉ तनवय - हां बिलकुल इसी तरह का प्रवाह कुछ समय पहले हमने पृथ्वी पर भी महसूस
किया था।
गरुड़ - सर र र…. कुछ तीव्र रौशनी जैसा कुछ गरुड़ की तरफ आ रहा है, और इसकी गति बहुत तेज है। सर र र……..फ्रिंच...फ्रिंच
एक तेज ध्वनि के साथ संपर्क टूट जाता है। डॉ तनवय अपने स्थान पर जड़वत खड़े हो जाते है, फिर कुछ देर रुक कर वो बिना किसी से कुछ कहे बाहर चले जाते है। कोई उनसे कुछ भी पूछने की हिम्मत नहीं रख पाता, पर सब जानते है कि गरुड़ के साथ कोई बड़ा हादसा हुआ है और उस गरुड़ उपग्रह में उनका इकलौता बेटा मानव भी था।
......आगे जारी रहेगी।
No comments:
Post a Comment